रांची(RANCHI): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच शराब घोटाला मामले में जारी है। मंगलवार को एसीबी ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। आईएएस अधिकारी कर्ण सत्यार्थी इससे पहले उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व आयुक्त उत्पाद सह झारखंड राज्य बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक थे।
एसीबी ने विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारी से कई गंभीर सवाल पूछे जिनमें एसीबी ने यह जानने की कोशिश की कि फर्जी बैंक गारंटी देने वाली प्लेसमेंट एजेंसी को मैनपावर आपूर्ति का ठेका किसके सहयोग से मिला और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
मामला उजागर होने के बाद भी फर्जी बैंक गारंटी देने वाली प्लेसमेंट एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उनके पीछे किसका हाथ था। राज्य में एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री लगातार होती रही, जिस पर रोक क्यों नहीं लगाई जा सकी।
अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री से आने वाले कमीशन की राशि कहां-कहां बांटी जाती थी। इन सभी बिंदुओं पर एसीबी ने आईएएस अधिकारी कर्ण सत्यार्थी का विस्तृत बयान दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह बताया जा रहा है कि पूर्व के दो आयुक्त उत्पाद फैज अक अहमद मुमताज और कर्ण सत्यार्थी की पहल और बदौलत ही शराब घोटाले का यह मामला उजागर हुआ है। इन दोनों अधिकारियों को एसीबी का अहम गवाह बनाए जाने की संभावना है। एसीबी को इनसे पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन और दोषियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

