
धनबाद(DHANBAD) :राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय द्वारा मंगलवार को धनबाद के जोड़ाफाटक रोड स्थति उद्योग और वाणिज्य संघ के सभागार कक्ष में वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण 2024-25 एवं पूंजीगत व्यय पर व्यवसायिक संघों के साथ एक दिवसीय गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें सभी व्यवसायिक संघों के प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के पदाधिकारी गण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संबंध में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के पदाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रति वर्ष वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण संचालित किया जाता है। इसके अंतर्गत चयनित औद्योगिक इकाईयों द्वारा निर्धारित विवरणी भरकर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय को प्रस्तुत की जाती है। इन औद्योगिक इकाइयों एवं संगठनों को वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण के महत्व एवं नीति निर्माण में इसकी उपयोगिता के प्रति संवेदनशीलता जागृत करने हेतु राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आज धनबाद में एक दिवसीय गोलमेज़ सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय सन 1950 में राष्ट्रीय सेवा में लगा हुआ है। इसके अतर्गत औद्योगिक इकाइयों से संदर्भ अवधि के दौरान पूंजी, टर्न ओवर, मूल्य वर्धन, ईंधन व कच्चा माल तथा इनपुट-आउटपुट आदि से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संग्रहित किए जाते हैं। इसके अलावा रोजगार, कार्य दिवसों की संख्या एवं सामाजिक सुरक्षा लाभ संबंधी आंकड़े भी एकत्रित किए जाते हैं। प्राप्त आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय आय के अनुमान एवं सकल घरेलू उत्पाद के आकलन और विभिन्न प्रकार के नीति नियोजन हेतु किया जाता है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

