अयोध्या(AYODHYA): अयोध्या आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीराम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे. इसे मंदिर निर्माण के पूर्ण होने का प्रतीक माना जा रहा है. प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए अयोध्या से लेकर सीमावर्ती जिलों तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. सोमवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन किया और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी सभा को संबोधित करेंगे. इससे पहले 22 जनवरी 2024 को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री मोदी शामिल हुए थे.
कब होगा ध्वजारोहण कार्यक्रम?
प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह करीब 10 बजे सप्तमंदिर पहुंचेंगे. यहां परिसर में महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी से जुड़े मंदिर शामिल हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री शेषावतार मंदिर जाएंगे. सुबह लगभग 11 बजे वह माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री राम दरबार गर्भगृह में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर रामलला गर्भगृह में दर्शन करेंगे. दोपहर करीब 12 बजे प्रधानमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे, जो मंदिर निर्माण के पूर्ण होने और सांस्कृतिक उत्सव तथा राष्ट्रीय एकता के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक होगा.
अयोध्या में चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात, बार्डर पर भी हाई अलर्ट
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के धर्म ध्वज स्थापना समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भारी पुलिस बल, विशेष इकाइयाँ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, ATS कमांडो, NSG स्नाइपर और एंटी-ड्रोन यूनिट संवेदनशील जगहों पर लगाए गए हैं, जबकि सीसीटीवी, एक्स-रे मशीन, गश्ती वाहन और एंबुलेंस भी अलर्ट पर हैं. इसी के साथ भारत–नेपाल सीमा पर भी हाई अलर्ट है. महराजगंज के सोनौली बॉर्डर सहित सभी चौकियों पर यूपी पुलिस और एसएसबी ने सघन निगरानी बढ़ा दी है. सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश है कि सीमा पार करने से पहले हर व्यक्ति की पहचान पुख्ता जांची जाए और धार्मिक स्थलों, सिनेमा हॉल, होटल, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त गश्त जारी रहे.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

