धनबाद(DHANBAD):अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित मीडिया टैलेंट हंट अभियान के तहत धनबाद जिले में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गजेन्द्र सिंह को जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी सूची में की गई है, जिसमें वे ज़ोन-3 के कन्वीनर के रूप में भी शामिल हैं तथा उन्हें धनबाद,बोकारो और गिरिडीह का प्रभार दिया।
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने गजेन्द्र सिंह की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय संगठन की युवा, सक्षम और योग्य नेतृत्व को सामने लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिला कांग्रेस ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सिंह की ऊर्जा, दक्षता और तकनीकी समझ से जिले में प्रतिभाओं की खोज एवं उन्हें तैयार करने का अभियान नई गति प्राप्त करेगा।
जिला कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि मीडिया टैलेंट हंट अभियान वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह युवा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं और प्रतिभाशाली युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा, संचार पद्धति और संगठनात्मक कार्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। गजेन्द्र सिंह की नियुक्ति से उम्मीद है कि धनबाद जिले के अधिक से अधिक युवा इस पहल में जुड़ेंगे और अपनी रचनात्मक क्षमताओं को सामने लाएंगे।
प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि टैलेंट हंट अभियान केवल प्रतिभाओं की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि चयनित प्रतिभाओं को आधुनिक मीडिया प्रशिक्षण, संवाद कौशल, तकनीकी ज्ञान और राजनीतिक संचार की नई विधाओं से सशक्त करने की दिशा में एक प्रमुख कदम है। संगठन का लक्ष्य है कि हर जिले में सक्षम टीम तैयार हो, जो पार्टी की नीतियों, जनता के मुद्दों और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सके।
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जिले के युवाओं में राजनीतिक सक्रियता, संवाद क्षमता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समिति ने आशा व्यक्त की कि गजेन्द्र सिंह अपने अनुभव और नेतृत्व से इस मिशन को सफल बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएँगे।
अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश नेतृत्व तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह निर्णय जिले के संगठन को मजबूत करेगा और नए प्रतिभाशाली चहरों को आगे आने का अवसर प्रदान करेगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

