झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ : सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा विशेष आयोजन…

झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ : सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा विशेष आयोजन…

रांची(RANCHI) : झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ पर शनिवार को विधानसभा परिसर में भव्य आयोजन किया जाएगा। रजत जयंती समारोह दो सत्रों में होगा। पहले सत्र में सम्मान समारोह आयोजित होगा, जबकि दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए शाम को सुरों और हंसी की महफिल सजेगी।

पहले सत्र में सम्मान समारोह

कार्यक्रम में राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रपति पदक प्राप्त व्यक्तियों, सभी पूर्व विधानसभा अध्यक्षों और पूर्व विधायकों को सम्मानित किया जाएगा। झारखंड में पूर्व विधायकों की संख्या 190 है। इस मौके पर उत्कृष्ट विधायक के रूप में राज सिन्हा को सम्मान दिया जाएगा। वहीं विधानसभा के छह कर्मियों को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इनमें संतोष कुमार सिंह, नीलम कुजूर, मो. शाहिद हैदर, राकेश कुमार सिंह, मन्नू राम और रवींद्र पाल शामिल हैं। समारोह में शहीद जवानों के आश्रितों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें झारखंड पुलिस, एसटीएफ, सीआरपीएफ, पंजाब रेजिमेंट और अग्निवीर के शहीद जवानों के परिजन शामिल होंगे।

दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम

दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रसिद्ध गायक रूप कुमार राठौर अपनी प्रस्तुति देंगे। हास्य कवि डॉ. दिनेश बावरा और रविंद्र जॉनी मंच से हंसी की फुहार बिखेरेंगे। इसके साथ ही प्रमांद नंदा, मृणालिनी अखोरी, टॉम मुर्मू और सुमी श्रेया लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।

विशेष सम्मान

कार्यक्रम में कई अन्य क्षेत्रों के प्रतिभावानों को भी सम्मान मिलेगा। तीरंदाज गोल्डी मिश्रा और मार्शल आर्ट्स में नाम रोशन करने वाले अमित मोदक को सम्मानित किया जाएगा। एसएसबी के सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को भी नक्सल मोर्चे पर सराहनीय कार्य के लिए सम्मान मिलेगा। साहित्य, आदिवासी लेखन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. मयंक मुरारी को सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक कार्यों के लिए डोरंडा कॉलेज के छात्र दिवाकर आनंद और रांची वीमेंस कॉलेज की छात्रा दीक्षा कुमारी को भी सम्मान प्राप्त होगा।

2000 में राज्य गठन के बाद झारखंड विधानसभा की स्थापना 22 नवंबर को हुई थी और 25 साल में कई अध्यक्षों ने इस सदन का नेतृत्व किया है। वर्तमान में रबींद्रनाथ महतो विधानसभा अध्यक्ष हैं।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *