सिंदरी(SINDRI): बी.आई.टी. सिंदरी में आयोजित दो दिवसीय “आईडिया ट्राइब – नवाचार प्रस्तुति प्रतियोगिता 2025” का जोनल राउंड आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह प्रतियोगिता इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC), बी.आई.टी. सिंदरी द्वारा झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT), रांची के सहयोग से आयोजित की गई थी। झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) के अंतर्गत सभी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के कुल 126 टीमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने जनजातीय समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए अभिनव और प्रभावी विचार प्रस्तुत किए।
दोनों दिनों में प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन विशेषज्ञों की प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया गया। जूरी में प्रो. प्रकाश कुमार, प्रो. एस. सी. दत्ता, प्रो. आर. के. वर्मा, प्रो. राहुल कुमार, श्री रवि रंजन सिंह (स्टार्टअप झारखंड), श्री सुमित कुमार (निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विसापेन), प्रो. मुरली मनोहर, प्रो. विजय कुमार बेसरा, प्रो. मुकेश चंद्र तथा श्री राजेश कुमार दास (टेक्समिन इंचार्ज, बी.आई.टी. सिंदरी) शामिल थे। सभी विशेषज्ञों ने नवाचार, प्रासंगिकता, प्रभाव, व्यवहार्यता और विस्तार-क्षमता जैसे मानकों के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, पर्यावरण, डिजिटल सेवाओं तथा जनजातीय विकास पर केंद्रित कई प्रभावशाली और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। प्रमुख आकर्षणों में सौर ऊर्जा आधारित मॉडल गाँव, जनजातीय महिलाओं को सशक्त बनाने वाला क्लाउड-किचन मॉडल, ई-लर्निंग, टेली-हेल्थ, वित्तीय सेवाएँ और हस्तशिल्प बाज़ार जैसी सुविधाओं से युक्त ऑफलाइन-सक्षम डिजिटल कियोस्क, तथा जनजातीय भाषाओं के संरक्षण और सरकारी सेवाओं से उन्हें जोड़ने के लिए विकसित भाषा-सहायता मंच शामिल थे।
चयनित टीमों को सीड फ़ंडिंग प्रदान की जाएगी।
IIC 8.0 के सफल आयोजन पर बी.आई.टी. सिंदरी के प्रेसिडेंट प्रो. प्रकाश कुमार ने फ़ैकल्टी एवं छात्र समन्वयकों के उत्कृष्ट सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि BIT सिंदरी में नवाचार की इस निरंतर यात्रा को आगे बढ़ाने में निदेशक प्रो. पंकज राय का सतत सहयोग और प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है, जो संस्थान को नवाचार के नए आयामों की ओर निरंतर अग्रसर कर रही है।
आईआईसी 8.0 कन्वेनर प्रो. राहुल कुमार ने इवेंट के अंत में धन्याद ज्ञापन दिया और ख़ासकर आए हुए प्रतिभागी टीम के सदस्यों और ज्यूरी मेंबर्स का आभार व्यक्त किया ।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

