झरिया के नितेश संघई को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ALS उपचार शोध के लिए मिला Mitacs Innovation Award…

झरिया के नितेश संघई को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ALS उपचार शोध के लिए मिला Mitacs Innovation Award…

झरिया(JHARIA): पोरदार पाड़ा निवासी नितेश संघई (पुत्र– स्व. जय प्रकाश संघई) ने कनाडा में प्रतिष्ठित Mitacs Innovation Award प्राप्त कर झरिया और देश को गौरवान्वित किया है। यूनिवर्सिटी ऑफ मैनिटोबा के कॉलेज ऑफ फ़ार्मेसी में पीएचडी कर रहे नितेश को यह सम्मान ALS (Lou Gehrig’s Disease) के लिए नई दवा विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान हेतु दिया गया है।

पुरस्कार की सूचना पर नितेश ने बताया कि पहले उन्हें यह कॉल स्पैम लगी, पर पुष्टि के बाद वे कुछ क्षणों तक स्तब्ध रह गए। वे अपनी जीवन यात्रा को “grass to grace” बताते हुए कहते हैं—“मैंने परिवार की सीमाओं को तोड़कर वह शिक्षा प्राप्त करने का निर्णय लिया, जिसका अवसर पहले किसी को नहीं मिला।”

भारत में मास्टर ऑफ फ़ार्मेसी पूरी कर 2019 में कनाडा पहुँचे नितेश को उस समय ALS के बारे में जानकारी नहीं थी। लेकिन विनीपेग एयरपोर्ट से निकलते ही उनके सुपरवाइज़र प्रो. ट्रैनमर ने इस गंभीर और लाइलाज बीमारी पर शोध कार्य समझाना शुरू कर दिया, जिससे उनके शोध की दिशा तय हुई।

उनके सहयोग से विकसित Borsantrazole नामक नई दवा Boron आधारित संश्लेषण पर आधारित है और इसे वर्तमान उपचार Edaravone का उन्नत विकल्प माना जा रहा है। यह भविष्य में ALS रोगियों के लिए नई उम्मीद बन सकती है।

नितेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी धर्मपत्नी भावना संघई तथा अपने दिवंगत पिता के आशीर्वाद को दिया है।

उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई किड्स गार्डन सेकेंडरी स्कूल, झरिया से की थी। उनकी इस उपलब्धि पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने गर्व व्यक्त करते हुए बधाई दी। बधाई देने वालों में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, सोनिया संघई, जॉनी शर्मा, विवेक लील्हा, गौरव केशरी आदि शामिल हैं।

नितेश संघई की यह उपलब्धि झरिया की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने वाली साबित हुई है।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *