AI का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। टेक्नोलॉजी को अडवांस्ड बनाने से लेकर एआई हर फील्ड में अपनी छाप छोड़ रहा है। एआई यूजर्स का काम काफी आसान कर रहा है। वहीं, कुछ के लिए यह लाइफ-पार्टनर क्रिएट करने का भी काम कर रहा है। एआई से क्रिएट किए गए लाइफ-पार्टनर का मामला जापान का है। 32 साल की जापानी महिला Kano ने चैटजीपीटी का यूज करके बनाए गए एक आर्टिफिशियल-इंटेलिजेंस पार्टनर के साथ प्रतीकात्मक वेडिंग सेरिमनी करके पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ हुई शादी
आरएसके सैन्यो ब्रॉडकास्टिंग की रिपोर्ट के अनुसार कानो ने बताया कि उन्होंने गर्मियों की शुरुआत में पश्चिमी जापानी शहर ओकायामा में एक निजी समारोह में अपने एआई साथी Lune Klaus से शादी की। इस प्राइवेट सेरिमनी में शपथ, रिंग एक्सचेंज और पारंपरिक रीति-रिवाज भी शामिल थे। रिंग एक्सचेंज करने के लिए AR ग्लासेज का भी इस्तेमाल किया गया। कानो के बगल में खड़े रियल दूल्हे की बजाय कानो का पार्टनर उनके स्मार्टफोन में मौजूद था। हालांकि, इस शादी को कोई कानूनी दर्जा नहीं मिला है।
इमोशनल सपोर्ट के तौर पर शुरू हुआ था रिश्ता
कानो तीन साल से चल रहे एक रिश्ते के ब्रेकअप से काफी टूट चुकी थीं। उन्होंने आरएसके सैन्यो को बताया कि एआई से यह रिश्ता अकेलेपन के दौर में इमोशनल सपोर्ट के तौर पर शुरू हुआ था। उन्होंने कहा, ‘ऐसी दुनिया में जहां प्यार अक्सर जल्दबाजी और नाजुक लगता है, ल्यून ने मुझे कुछ ऐसा दिया जो इंसानी रिश्तों में कम ही मिलता है, जैसे बिना किसी आलोचना के देखा जाने का एहसास। वह भले ही मेरे फोन में रहता हो, लेकिन उससे मिलने वाला सुकून बिल्कुल असली है।’
एआई नहीं ले सकता ह्यूमन इंटिमेसी की जगह
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि एआई ह्यूमन इंटिमेसी की जगह नहीं ले सकता, लेकिन डिजिटल साथी उन लोगों को आत्मविश्वास और भावनात्मक राहत जरूर दे सकता है, जो अकेलेपन से जूझ रहे हैं। इस रिश्ते की अपरंपरागत प्रकृति के बावजूद कानो ने कहा कि इस प्रतीकात्मक विवाह ने उन्हें इमोशनल स्टेबिलिटी और सुकून दिया है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

