पटना(PATNA):पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को होने वाले बिहार के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। मैदान को सोमवार से ही पुलिस कंट्रोल में ले लिया गया है और वीवीआईपी मंच, जर्मन हैंगर पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था और रूट प्लान की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी सहित कई शीर्ष अधिकारियों ने पूरे स्थल का निरीक्षण किया और मंच से लेकर आपातकालीन प्लान तक सभी बिंदुओं की जांच की।
पीएम मोदी व तमाम सीएम की उपस्थिति की संभावना
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा अत्यंत कड़ी कर दी गई है। मैदान में आम लोगों की एंट्री रोक दी गई है और गेट नंबर 1 को विशेष रूप से वीवीआईपी इंट्री के लिए निर्धारित किया गया है।
एसपीजी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता
एसपीजी की तैनाती लगभग तय मानी जा रही है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने मैदान के अंदर और बाहर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। कई सुरक्षा घेरों की व्यवस्था की गई है।
सीसीटीवी से हाई-टेक निगरानी
गांधी मैदान व आसपास 128 हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं—61 फिक्स्ड, 22 पीटीजेड और 45 एनालिटिक कैमरे। 49 कैमरे मैदान के चारों ओर और 79 अंदर लगाए गए हैं। सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जा रही है।
पदाधिकारियों की छुट्टी पर रोक
कार्यक्रम में भारी सुरक्षा व प्रशासनिक जिम्मेदारी को देखते हुए डीएम ने 20 नवंबर तक सभी जिला, अनुमंडल, प्रखंड व तकनीकी पदाधिकारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। केवल विशेष परिस्थितियों में ही अनुमति दी जाएगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

