पटना(PATNA): पटना से बड़ी राजनीतिक खबर—राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब खुले तौर पर भाजपा और एनडीए की ओर झुकते नज़र आ रहे हैं। चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व का सबसे बड़ा नेता बताया था, और अब उनकी पार्टी ने बिहार की एनडीए सरकार को नैतिक समर्थन देने की घोषणा कर दी है।
साथ ही, उन्होंने नीतीश कुमार को नई सरकार गठन के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
पार्टी बैठक में बड़ा फैसला—रोहिणी आचार्य को संरक्षक बनाने का प्रस्ताव
पटना में हुई पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में तेज प्रताप ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य के साथ हुई बदतमीजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसे लेकर राजद परिवार की निंदा की।
बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि राजद छोड़ चुकी रोहिणी आचार्य को तेज प्रताप की पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बनाया जाए।
तेज प्रताप करेंगे रोहिणी से संपर्क
इस संबंध में जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम यादव ने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में एनडीए सरकार को नैतिक समर्थन देने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप जल्द ही रोहिणी आचार्य से बात करेंगे और उनसे संगठन की राष्ट्रीय संरक्षक की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह करेंगे।
तेज प्रताप चुनाव प्रचार के दौरान भी लगातार राजद नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं।वे कई बार खुद को लालू प्रसाद का असली उत्तराधिकारी बताकर सुर्खियों में रहे।राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की राजनीतिक नजदीकियों पर भी वे तंज कसते रहे हैं।अब उनका झुकाव भाजपा की ओर साफ दिख रहा है, जिसे राजनीति के जानकार भविष्य में एनडीए का संभावित सहयोगी बनने की दिशा में उठाया गया कदम मान रहे हैं।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

