
मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा बाल जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजन
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर चल रहे “हर बच्चा खास है” अभियान के अंतर्गत बाल जागरूकता सप्ताह (10 से 20 नवम्बर 2025) के अवसर पर मारवाड़ी विद्यालय, झरिया में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (15 नवम्बर) पर विशेष निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
15 नवम्बर को विद्यालय अवकाश होने के कारण कार्यक्रम पूर्व निर्धारित तिथि से पहले गुरुवार, 13 नवम्बर को संपन्न किया गया। प्रतियोगिता में कुल 88 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय व्यक्तित्वों के योगदान, सामाजिक चेतना और रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। विद्यार्थियों ने “भगवान बिरसा मुंडा – आदिवासी पहचान के प्रतीक”, “समृद्ध एवं विकसित झारखंड – हमारा सपना”, “मेरे सपनों का भारत” और “मुझे पढ़ाई क्यों पसंद है” विषयों पर प्रभावी निबंध प्रस्तुत किए।
निर्णायक के रूप में शिक्षक सुशील राउत एवं सपना सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कुमार रावणी तथा अन्य शिक्षकों के साथ-साथ मारवाड़ी विद्यालय के उपाध्यक्ष सत्यनारायण भोजगारिया, सचिव महेश जलुका एवं सदस्य अमित भुसानिया का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और नेतृत्व का प्रतीक है। उनकी 150वीं जयंती नई पीढ़ी को शिक्षा, अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का अवसर प्रदान करती है।”
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम स्थान: आदर्श चौरासिया (कक्षा X ‘B’)
द्वितीय स्थान: प्रज्ञा कुमारी (कक्षा IX ‘A’)
तृतीय स्थान: पूनम कुमारी (कक्षा X ‘A’)
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, शाखा सचिव दीपक अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सह प्रांतीय सहायक मंत्री राजीव सावंतिया, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, मयंक केजरीवाल तथा हितेन शर्मा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का संचालन पूनम शर्मा ने किया। मंच ने विद्यालय प्रशासन, निर्णायकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

