राँची(RANCHI): झारखंड की धरती आज एक अलग ही गर्मजोशी से धड़क उठी। CM हेमंत सोरेन ने खुद रक्तदान कर “स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान” की शुरुआत की। उन्होंने भावुक अपील की कि “आपका दिया रक्त किसी की सांसों को नया जीवन दे सकता है। आइये, इस मानवता के महायज्ञ में हर झारखंडी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले।” यह अभियान 12 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में चलेगा। राज्य की 25वीं वर्षगांठ केवल उत्सव नहीं, एक जिम्मेदारी का एहसास है। इस दौरान स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से राज्यभर में सैकड़ों विशेष रक्तदान शिविर लगाये जा रहे हैं। मकसद साफ है कि किसी अस्पताल में खून की कमी से किसी की सांस न थमे। हर जरूरतमंद तक सुरक्षित रक्त समय पर पहुंचे। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि “यह महाअभियान केवल रक्त देने का नहीं, बल्कि जीवन बांटने का संकल्प है। आइये, मिलकर झारखंड को ‘जीवनदायिनी राज्य’ बनायें।” CM के साथ इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी मौजूद रहे। राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने भी अभियान के प्रति समर्थन जताया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

