
धनबाद(DHANBAD):धनबाद के कार्मेल स्कूल में आज “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस विशेष पहल का उद्देश्य बच्चों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद और भरोसे का वातावरण बनाना रहा।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस किसी से डरने की चीज़ नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने बताया कि पुलिस की पाठशाला बच्चों के साथ जुड़ाव का एक माध्यम है, जिससे उन्हें कानून, सुरक्षा और जागरूकता की समझ दी जा सके।
कार्यक्रम में साइबर क्राइम और ट्रैफिक नियमों पर विशेष फोकस रहा। साइबर इंस्पेक्टर बिस्वजीत सर ने डिजिटल प्रोजेक्शन के ज़रिए बच्चों को ऑनलाइन ठगी और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय सिखाए। वहीं ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और ट्रैफिक संकेतों के पालन की महत्ता पर प्रेरक बातें साझा कीं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और पुलिस अधिकारियों से संवाद किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

