‘वैज्ञानिक चिंतन – वैश्विक सौहार्द की राह’ विषय पर छात्रों ने रखे अपने विचार…
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा विश्व विज्ञान दिवस (World Science Day for Peace and Development) के अवसर पर सोमवार, 10 नवम्बर 2025 को निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद में किया गया। प्रतियोगिता का विषय था — “वैज्ञानिक चिंतन – वैश्विक सौहार्द की राह” (Scientific Thinking – A Path to Global Harmony)।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना तथा समाज में ज्ञान, शांति और विकास का संदेश प्रसारित करना था। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने निबंधों के माध्यम से विज्ञान के मानवीय एवं नैतिक पक्ष पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में आयोजित की गई। 45 मिनट की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने 300 शब्दों की सीमा में अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा निबंधों का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन पूर्ण होने के पश्चात परिणाम दो दिनों में घोषित किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को मंच द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि, “ऐसे आयोजन छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सकारात्मक सोच को विकसित करने में सहायक होते हैं। जब युवा वर्ग विज्ञान को जीवन से जोड़ता है, तभी समाज में ज्ञान, प्रगति और सौहार्द का विस्तार संभव होता है।”
कार्यक्रम संयोजक संकल्प अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में तार्किकता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि — “वैज्ञानिक चिंतन को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर ही हम ज्ञान, शांति और विकास का दीप प्रज्वलित कर सकते हैं।”
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

