बोकारो(BOKARO): काफी लंबे समय से बोकारो में हवाई उड़ान शुरू होने की राह में बाधा बने सेक्टर-12 मोड़ दुंदीबाद बाजार स्थित अवैध बूचड़खानों और मीट दुकानों को हटाने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।
जिला प्रशासन और बीएसएल की ओर से 29 अवैध दुकानों को शनिवार से हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इन दुकानों को हटाने की प्रक्रिया लगभग एक वर्ष से चल रही थी। इस दौरान प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी किया गया, लेकिन दुकानदारों ने बार-बार समय मांगा। बीते अक्टूबर माह में भी बीएसएल ने दुकानों पर नोटिस चिपकाया था। चास एसडीओ प्रांजल ढांडा ने बताया कि दुकानदारों को दिया गया यह अंतिम मौका है। 8 नवंबर से अवैध बूचड़खाना और मीट दुकानों पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। तीन दिन पहले क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों को दुकानें स्वयं हटाने की चेतावनी दी थी। इससे पहले नोटिस भी दिया गया है। वहीं शुक्रवार को दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और कार्रवाई रोकने की मांग की। दुकानदारों ने व्यवसाय बदलने की भी बात कही, लेकिन स्पष्ट किया कि अब इस पर रोक लगाने का कोई सवाल नहीं है।
NEWSANP के लिए बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट

