विहंगम योग संस्थान का एसजेएएस अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित…

विहंगम योग संस्थान का एसजेएएस अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित…

रक्तदान सम्पूर्ण मानव जाति के लिए जीवन प्रदायिनी सदकर्म है- चन्द्रशेखर अग्रवाल,

यह केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का एक संगम है- डॉ. जितेन्द्र सिंह

धनबाद(DHANBAD): बह्मर्षि सदाफल देव विहंगम योग संस्थान के उतराधिकारी संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की 46 वीं जन्म जयंती समारोह गुरुवार को एसजेएएस अस्पताल, धनबाद में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस सुअवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि धनबाद के निवर्तमान मेयर चन्द्रशेखर अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि एसजेएएस अस्पताल के सीईओ डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा “अ” अंकित श्वेत ध्वजा फहराकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर श्री अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो सम्पूर्ण मानव जाति के लिए जीवन प्रदायिनी सदकर्म है। यह रक्तदान शिविर धनबाद संत समाज का सराहनीय कार्य है, जिसका मैं भूरि भूरि प्रशंसा करता हूं। कहा कि हम रक्तदान करके किसी जरूरतमंद को जीवन दान दे सकते हैं। एक यूनिट रक्त दान कर चार जिंदगियां बचा सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान के फायदे भी हैं। रक्तदान करने से शरीर में नया रक्त बनता है तथा खून का संचार भी तेज होता है। जिससे हृदय स्वस्थ रहता है।

विशिष्ट अतिथि एसजेएएस अस्पताल के सीईओ डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि आज हम सब यहां एक बहुत ही नेक और महान उद्देश्य के लिए एकत्र हुए हैं। यह केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का एक संगम है। आप सभी का इस जीवन रक्षक अभियान में शामिल होने के लिए तहे दिल से स्वागत है। रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो किसी जरूरतमंद की जान बचाया जा सकता है। यह एक ऐसा उपहार है जिसे दिया जा सकता है और जो किसी के जीवन में फिर से मुस्कान ला सकता है। दुर्घटनाओं, सर्जरी, या गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में, आपका एक बूंद रक्त उनके लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

विहंगम योग धनबाद जिला संत समाज के प्रधान संयोजक पप्पू सिंह ने कहा कि सुपूज्य संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज मानव के कल्याण व सेवा के लिए समर्पित हैं। उनके जन्मदिन पर हर वर्ष पूरे विश्व में हजारों स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है और लाखों यूनिट ब्लड संग्रह कर मानव सेवा के लिए समर्पित किया जाता है। कहा कि विहंगम योग संस्थान एक अध्यात्मिक संस्थान होने के साथ साथ सामाजिक कार्य भी करता है। कार्यक्रम के शुरूआत में स्वागत गान एवं मंगल गान गायी गई, फिर अतिथियों द्वारा अनंतश्री सदगुरु सदाफलदेव जी महाराज, सदगुरु धर्मचन्द्रदेव जी महाराज, सदगुरु स्वतंत्रदेव जी महाराज एवं संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया गया। शिविर में एक तरफ सत्संग, भजन, प्रवचन एवं संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज के जीवन पर चर्चा चलती रही, वहीं दूसरी ओर रक्तदान का कार्यक्रम चलता रहा। अंत में वंदना, आरती एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। शिविर में कुल 78 यूनिट रक्तदान किया गया। सभी रक्त को एसजेएएस अस्पताल के ब्लड बैंक को सौंप दिया गया। रक्तदान शिविर सफल बनाने में जीपी सिंह, विनोद सिंह, रवि सिंह, आशुतोष शेखर, डब्ल्यू सिंह, सती केशरी, डॉ. रंजीत सिंह, निर्भय सिंह, अंजू सिंह, शंकुतला देवी, संगीता वर्णवाल, रेखा वर्णवाल, गीता सिंह, ममता देवी, चंपा देवी, संयुक्ता देवी आदि उपस्थित थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *