
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाने के उद्देश्य से एनडीए के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि लगातार प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में झरिया की विधायक रागिनी सिंह बिहार के दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे कुल सात प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रही हैं, जिनमें आरा, शाहपुर और नवीनगर सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।
नवीनगर विधानसभा क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी चेतन आनंद के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में विधायक रागिनी सिंह ने भाग लिया। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह भी मौजूद रहे। नुक्कड़ सभा में उन्होंने जनता से एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वहीं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में रागिनी सिंह ने भाजपा प्रत्याशी राकेश ओझा के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बिहार की जनता इस बार सही नेतृत्व का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रदेश के विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।
NEWSANP के लिए अरविन्द सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

