रांची(RANCHI): रांची समेत पूरे झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव दिखाई दे रहा है। तूफान “मोंथा” का असर खत्म होने के बाद बादल छंटने लगे हैं और सोमवार से आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। मौसम साफ होने के साथ रात का तापमान धीरे-धीरे गिरना शुरू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। फिलहाल बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक है। पारा गिरने के बाद यह 15 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा, जिससे ठंड बढ़ेगी।
रांची में 2 नवंबर को सुबह धुंध रहेगी और दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन का तापमान करीब 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 3 नवंबर से आसमान पूरी तरह साफ होगा। हालांकि, अगले सात दिनों तक सुबह धुंध और शाम को ठंड का अनुभव रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी होती है, तो 15 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास जा सकता है। इससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में कोई नया सिस्टम नहीं बन रहा, लेकिन यदि पश्चिमी विक्षोभ आए तो बारिश हो सकती है और ठंड और बढ़ जाएगी।
पिछले पांच वर्षों के रिकॉर्ड के अनुसार, नवंबर में न्यूनतम तापमान अक्सर 10 डिग्री के आसपास पहुंचा है। वर्ष 2020 में 1 नवंबर को 10.1 डिग्री और 2024 में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस वर्ष 1 नवंबर को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है।
विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह और शाम को धुंध रहेगी, इसलिए वाहन चलाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

