पाकुड़(PAKUD):पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव में खदान संचालक और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना 26 अक्टूबर को हुई थी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने बताया कि बेलपहाड़ी गांव स्थित अजहर इस्लाम के पत्थर खदान में हुए विस्फोट के बाद कुछ पत्थर गांव के घरों में गिरे थे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और खदान संचालक के बीच विवाद शुरू हुआ था।
बीते 25 अक्टूबर को ग्रामीण जब खदान संचालक की क्रशर यूनिट पर पहुंचे, तो संचालक और उसके कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की आरोप है कि उन्हें जान से मारने की नीयत से मारपीट कर घायल किया गया। साथ ही, हथियार से फायरिंग करने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
वही मनोहर यादव ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आलोक में कांड संख्या 105/25 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ने एक छापेमारी दल का गठन किया था।
इस दल में हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गोपाल कुमार महतो, गौरी शंकर प्रसाद, गौतम कुमार, संजीव कुमार और सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार, किशोर कुमार टुडू, सनातन माझी, सुरेश उरांव शामिल थे। छापेमारी टीम ने जांच के बाद खदान संचालक अजहर इस्लाम के मैनेजर अंसारुल शेख और दिलबर हुसैन को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि खदान में किए जा रहे विस्फोटों को लेकर ग्रामीण और संचालक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 25 अक्टूबर को ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों में झड़प हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए थे। दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
NEWSANP के लिए जयदेव कुमार की रिपोर्ट

