व्यवसायी मगबूल शेख की गोली मारकर हत्या….

व्यवसायी मगबूल शेख की गोली मारकर हत्या….

पाकुड़(PAKUD):पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में देर रात एक पत्थर व्यवसायी मगबूल शेख उर्फ शेखू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।

घटना के संबंध में बताया गया कि लखनपुर गांव निवासी मगबूल शेख अपने घर के पास एक चाय दुकान पर चाय पीने गए थे। बारिश होने के कारण वे दुकान में ही रुक गए। जब देर रात तक बारिश नहीं रुकी, तो वे अपने घर वापस आने लगे।

इसी दौरान घर के पास ही छह लोगों ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया। एक व्यक्ति ने उनकी पीठ पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घरवाले बाहर निकले, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। मगबूल शेख जमीन पर घायल पड़े थे।

आसपास के लोगों ने उन्हें सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से पूछताछ की और हमले में शामिल होने के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों से फिलहाल पूछताछ जारी है।

मृतक के पुत्र जमाल शेख ने बताया कि वर्ष 2023 में गांव के ही दानारुल शेख के साथ उनके पिता का विवाद हुआ था। जमाल शेख के अनुसार, इसी विवाद के चलते दानारुल शेख, उनके पुत्र और परिजनों ने रात में उनके पिता पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दानारुल शेख के पुत्र लालून शेख ने गोली चलाई, जो उनके पिता की पीठ में लगी।

गोली चलाने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। जमाल शेख ने बताया कि हमले में कुल छह लोग शामिल थे। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है..

NEWSANP के लिए जयदेव कुमार की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *