पति पवन सिंह का नाम नहीं, मंगलसूत्र, अंगूठी संपत्ति में शामिल; ज्योति सिंह के हलफनामे में क्या क्या?

पति पवन सिंह का नाम नहीं, मंगलसूत्र, अंगूठी संपत्ति में शामिल; ज्योति सिंह के हलफनामे में क्या क्या?

बिहार(BIHAR): भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया है। गौरतलब है कि पत्नी ज्योति सिंह के साथ पवन सिंह के पारिवारिक रिश्ते भी इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं। पवन सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद ऐसी चर्चाएं थीं कि पवन सिंह काराकाट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। ऐसा भी प्रतीत हो रहा था कि पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह की काराकाट सीट पर चुनावी भिड़ंत हो सकती है। मगर पवन सिंह ने एक ट्वीट कर बिहार चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर हिस्सा नहीं लेने का ऐलान किया था। फिलहाल उनकी पत्नी ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कर दिया है।

ज्योति सिंह ने खुद को बताया परित्यक्त नारी

नामांकन के साथ दाखिल चुनावी हलफनामे में ज्योति सिंह ने पति के नाम का जिक्र नहीं किया, बल्कि अपने वैवाहिक स्थिति के कॉलम में खुद को परित्यक्त नारी (वह स्त्री जिसे पति ने छोड़ दिया हो) बताया है। हालांकि, पति के स्थान पर उन्होंने ख्याति प्राप्त भोजपुरी कलाकार लिखा है। बीते पांच सालों में उनकी कुल संपत्ति में कोई इजाफा नहीं हुआ है।

ज्योति ने बताया है कि उनके पास कुल 18,80000 की लाख रुपये की संपत्ति है। इसमें 2024 मॉडल की ग्रैंड विटारा कार (कीमत लगभग 14 लाख रुपये) शामिल है। उनके पास 30 ग्राम सोना (मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी) है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है, जबकि हाथ में 80 हजार रुपये नकद हैं।

जनता ही पार्टी है; बोलीं ज्योति सिंह

रविवार को अपनी उम्मीदवारी की पुष्टि करते हुए ज्योति सिंह ने कहा, “अब जनता ही मेरी पार्टी है।” उन्होंने साफ किया कि वे किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेंगी, बल्कि जनता के भरोसे चुनाव मैदान में उतरेंगी।

पति-पत्नी का विवाद हुआ सार्वजनिक

ज्योति सिंह और पवन सिंह के बीच का विवाद अब निजी दायरे से निकलकर सार्वजनिक हो गया है। दोनों अलग रह रहे हैं और तलाक की प्रक्रिया जारी है। हाल ही में एक वीडियो में ज्योति सिंह पवन सिंह के घर पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद ज्योति ने पवन पर गंभीर आरोप लगाए, वहीं पवन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “लोग मुझे सुपरस्टार कहते हैं, लेकिन मैं भी इंसान हूं।”

प्रशांत किशोर से मुलाकात पर बढ़ीं थीं अटकलें

कुछ महीने पहले ज्योति सिंह ने जन सुराज आंदोलन के नेता प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी। इसके बाद चर्चा चली कि वे पीके की टीम से जुड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने खुद साफ किया था कि यह मुलाकात सिर्फ न्याय की मांग को लेकर थी, कोई राजनीतिक समझौता नहीं हुआ। मगर अब ज्योति सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर बिहार के सियासी संग्राम ताल ठेकेंगी।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *