
मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा “हील योर ऑटोइम्यून डिज़ीज़” पर निःशुल्क सेमिनार एवं परामर्श सत्र का सफल आयोजन

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा “हील योर ऑटोइम्यून डिज़ीज़ (थायरॉइड, सोरायसिस एवं अन्य)” विषय पर निःशुल्क सेमिनार एवं व्यक्तिगत परामर्श सत्र का आयोजन मनीष कोचिंग सेंटर, मनबाद, झरिया में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य योग और संतुलित आहार के माध्यम से ऑटोइम्यून बीमारियों से निपटने के प्राकृतिक उपायों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषिकेश की प्रतिष्ठित योग प्रशिक्षक एवं न्यूट्रिशनिस्ट वर्षा सिंह को श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
पहले सत्र में वर्षा सिंह ने अपने विस्तृत व्याख्यान में बताया कि ऑटोइम्यून बीमारियाँ शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता के असंतुलन के कारण होती हैं, जिसे योग, ध्यान और संतुलित आहार से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगासन, प्राणायाम, ध्यान और माइंडफुल ब्रीदिंग के अभ्यास से न केवल तनाव कम होता है, बल्कि शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता भी बढ़ती है।
वर्षा सिंह ने विस्तार से समझाया कि थायरॉइड, सोरायसिस, लुपस और रूमेटाइड आर्थराइटिस जैसी बीमारियों में सही जीवनशैली अपनाकर दवाइयों पर निर्भरता घटाई जा सकती है। उन्होंने कहा – “हमारा शरीर स्वयं उपचार की शक्ति रखता है, बस उसे सही दिशा और अनुशासन की आवश्यकता होती है।”
दूसरे सत्र में वन-टू-वन काउंसलिंग का आयोजन किया गया, जिसमें 28 लोगों ने पूर्व पंजीकरण कर व्यक्तिगत परामर्श लिया। वर्षा सिंह ने प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आहार, योग और दिनचर्या संबंधी विशेष सुझाव दिए।
लोगों की गहरी रुचि और बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि यह कार्यक्रम दीपावली के बाद पुनः आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल ने किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, प्रांतीय सहायक मंत्री राजीव सावंतिया, सनी अग्रवाल, दिनेश शर्मा, हितेन शर्मा, गौतम अग्रवाल, किरण शर्मा, अमर आत्री, जोनी शर्मा, शशि सिंह, विजय शर्मा एवं महावीर सिंह सहित मंच के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने कहा कि यह आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल है।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

