धनबाद(DHANBAD): सामाजिक संस्था “समर्पण एक नेक पहल” ने एक बार फिर मानवता और सेवा भावना की उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। संस्था की तत्परता से शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद में भर्ती 58 वर्षीय मरीज नगेंद्रनाथ को समय पर रक्त उपलब्ध कराया गया, जिससे उनका उपचार बिना किसी विलंब के जारी रह सका।
जानकारी के अनुसार, मरीज की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ी। संस्था ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एसजेएएस ब्लड बैंक, धनबाद से संपर्क किया और रक्त की व्यवस्था करवाई।
संस्था के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष दिपेश चौहान ने बताया, “रक्तदान एक महान कार्य है और हमारी संस्था का उद्देश्य यही है कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े।”
संस्था के सक्रिय सदस्यों की तत्परता और सेवा भावना से यह संभव हो पाया। उल्लेखनीय है कि “समर्पण एक नेक पहल” की स्थापना वर्ष 2020 में हुई थी और यह संस्था लगातार शिक्षा, रक्तदान और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही है।
संस्था ने आमजन से नियमित रक्तदान की अपील करते हुए कहा है कि “आपके एक यूनिट रक्त से किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है।”
NEWSANP के लिए धनबाद से भोला बाउरी की रिपोर्ट

