रांची(RANCHI): IIT-ISM धनबाद के एक सीनियर साइंटिस्ट से महिला साइबर अपराधी ने शादी का झांसा देकर 44 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइंटिस्ट ने रांची के साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, साइंटिस्ट की महिला से मैट्रिमोनियल साइट पर पहचान हुई। महिला ने बताया कि वह नीदरलैंड में रहती है और शादी तभी करेगी जब दोनों अपने भविष्य के लिए निवेश करेंगे। साइंटिस्ट ने महिला की बातों में आकर धीरे-धीरे उसके बताए गए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करना शुरू किया, और कुछ महीनों में कुल 44 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
पैसे ट्रांसफर होने के बाद महिला का मोबाइल नंबर बंद हो गया। कई प्रयासों के बावजूद यह पता नहीं चल सका कि महिला कहां से संपर्क कर रही थी। इसके बाद साइंटिस्ट ने साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
साल 2025 के सितंबर तक झारखंड में साइबर ठगी के 15,081 मामले नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हुए हैं, जिसमें कुल 142 करोड़ रुपये की ठगी हो चुकी है। पुलिस ने अब तक 1.20 करोड़ रुपए वापस कराए और 2.44 करोड़ रुपए फ्रीज किए हैं।
साइबर एक्सपर्ट सौरभ कुमार के अनुसार, पढ़े-लिखे लोग साइबर ठगी के ज्यादा शिकार हो रहे हैं। अपराधियों को विशेष रूप से लोगों को झांसे में लेने की ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे भरोसेमंद और शिक्षित लोग भी आसानी से ठगी का शिकार बन जाते हैं।
NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

