बिहार(BIHAR): बिहार में अब चुनावी माहौल गरमाने लगा है. मुख्यमंत्री नीतीश आज यानी गुरुवार से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बुधवार को एक्स पर बताया कि नीतीश कुमार सबसे पहले सरायरंजन और बहादुरपुर जाएंगे, जहां वे जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और मंत्री मदन सहनी के नामांकन में शामिल होंगे.
नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाना है
संजय झा ने आगे कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और सबका मकसद साफ है, नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाना. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग डबल इंजन की सरकार से हो रहे विकास को देख रहे हैं और अब बदलाव नहीं चाहते हैं. उन्होंने नीतीश कुमार की कार्यशैली की भी तारीफ की. बोले, “सीएम हर फैसला सोच-समझकर और सबकी राय लेकर करते हैं. सरकार और पार्टी दोनों में वही अंतिम निर्णय लेते हैं.”
2010 का भी टूटेगा रिकॉर्ड
संजय झा ने दावा किया कि इस बार एनडीए को जबरदस्त बहुमत मिलेगा, इतना कि 2010 का रिकॉर्ड भी टूट जाएगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने एक करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार देने का वादा किया है, और विकास के सारे बड़े प्रोजेक्ट, सिक्स लेन हाइवे से लेकर नई योजनाओं तक तेजी से पूरे किए जाएंगे. अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोगों का मूड साफ है, महिलाएं और युवा दोनों नीतीश सरकार के साथ हैं, इसलिए विपक्ष में डर साफ दिख रहा है.
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

