पटना(BIHAR): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार की शाम अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस लिस्ट के जरिए पार्टी ने कुल 12 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इस लिस्ट में जो सबसे ज़्यादा चर्चित नाम हैं, वो हैं लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा।
मैथिली ठाकुर: मिथिला की बेटी, अब राजनीति में एंट्री
अलीनगर सीट से बीजेपी ने मैथिली ठाकुर को टिकट दिया है। सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स वाली मैथिली ठाकुर अपनी मधुर आवाज़ और सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण बिहार-झारखंड से लेकर देशभर में लोकप्रिय हैं। बता दें कि मैथिली ठाकुर ने कल ही बिहार भाजपा कि सदस्यता ली थी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी में शामिल कराया था।
पूर्व IPS आनंद मिश्रा : ‘सख्त अफसर’ से अब सियासी मैदान में
बक्सर सीट से पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट दिया गया है। अपने तेज़-तर्रार अंदाज और बेबाक बयानबाजी के लिए चर्चित आनंद मिश्रा अब राजनीति में कदम रख रहे हैं। माना जा रहा है कि उनकी प्रशासनिक छवि बीजेपी के लिए ‘law and order’ ब्रांडिंग को मजबूत करेगी। आनंद मिश्रा ने 2011 बैच के असम-मेघालय कैडर के अधिकारी के रूप में सेवा की है। उनके नाम कई नक्सल और ड्रग्स-विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण कार्रवाईयां जुड़ी हैं। उन्होंने 2023 में आईपीएस सेवा से वीआरएस लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। 2024 में उन्होंने बक्सर लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, हालांकि वे हार गए। बाद में वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े और हाल ही में अगस्त 2025 में भाजपा में शामिल हुए।
दूसरी लिस्ट में ये नाम शामिल
- अलीनगर – मैथिली ठाकुर
- हायाघाट – राम चंद्र प्रसाद
- मुजफ्फरपुर – रंजन कुमार
- गोपालगंज – सुभाष सिंह
- बनियापुर – केदार नाथ सिंह
- छपरा – छोटी कुमारी
- सोनपुर – विनय कुमार सिंह
- रोसड़ा – बीरेंद्र कुमार
- बाढ़ – सियाराम सिंह
- अगिआंव – महेश पासवान
- शाहपुर – राकेश ओझा
- बक्सर – आनंद मिश्रा
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

