पटना(PATNA): बिहार के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने वाली है। बीएसपी ने मंगलवार को बिहार की 40 विधानसभा सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित कर दीऑ। इस लिस्ट में पश्चिम चंपारण, कटिहार, औरंगाबाद समेत कई जिलों के उम्मीदवार शामिल हैं।
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो ने कहा है कि राज्य की शेष सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। बीएसपी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में पश्चिम चंपारण, कटिहार, मधेपुरा, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जमुई,दरभंगा, मुजफ्फपुर, सिवान, सारण, समस्तीपुर, बेगूसराय,भागलपुर, बांका, भोजपुर आदि के कुल 40 प्रत्याशियों के नाम हैं।
नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक
बहुजन समाज पार्टी का कहना है कि बुधवार को भी उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की जाएगी। बीएसपी की पहली लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों को पार्टी के सिंबल बांट दए गए हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण के नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। पहले चरण के नामांकन की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में तेजी लाते जा रहे हैं।
एनडीए और महागठबंधन के दलों में खींचतान जारी
बिहार के चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और विपक्षी दलों के महागठबंधन के बीच है। एनडीए में सीटों का बंटवारा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद दलों के बीच खींचतान जारी है। महागठबंधन में अब तक सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। हालांकि आरजेडी ने अपने कुछ उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं और वामपंथी दल सीपीआई-एमएल ने अपने 18 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इनमें से कुछ ने मंगलवार को नामांकन भी दाखिल कर दिया है। कांग्रेस की चुनाव कार्यसमिति की बैठक हुई। उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को महागठबंधन में सीटों का बंटवारा अंतिम रूप ले लेगा।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

