राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के 41वें स्थापना दिवस पर गुरुग्राम पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने कहा देश में आतंकवादी गतिविधियों को रोकने और जवानों को प्रशिक्षण देने के लिए देश में छठा एनएसजी ट्रेनिंग सेंटर भी खोला जाएगा। अब छठा ट्रेनिंग सेंटर अयोध्या में खोला जाएगा, इससे पहले चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, जम्मू और हैदराबाद में ट्रेनिंग सेंटर खोले जा चुके हैं।
गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर एनएसजी के 41वें स्थापना दिवस समारोह में मानेसर स्थित परिसर में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब से एनएसजी की स्थापना की गई है तभी से ही जवान देश की सुरक्षा में लगे हुए हैं और कई मोर्चे पर सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अक्षरधाम, मुंबई हमला यहां तक की अब ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी कमांडो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश की सुरक्षा की। ऑपरेशन सिंदूर से दिखाया गया कि आतंकवाद की अब कहीं भी जगह नहीं है। जहां भी भारत पर हमले की व्यूहरचना की गई, वहां के ट्रेनिंग सेंटरों को भी ध्वस्त कर दिया गया। पूरी दुनिया में इसका मैसेज गया है कि आतंकवाद को पनाह देने वालों की खैर नहीं है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

