रांची ( RANCHI): प्रदेश भाजपा ने शनिवार को स्वदेशी अभियान आरंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी ने आग्रह किया कि झारखंड के सभी लोग स्वदेशी अपनाएं। इसी बल पर 2047 तक भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में इस विषय में सम्मेलन होगा। युवाओं- महिलाओं समेत सभी उद्यमियों को इस अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आगामी दीपावली, छठ पूजा जैसे त्योहारों के साथ दैनिक घरेलू उपयोग की वस्तुओं को खरीदने में भारत निर्मित सामग्री को ही खरीदने की अपील की।
रक्षा क्षेत्र में भी भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ी
बाबूलाल मरांडी के साथ इस अभियान के संयोजक मनोज सिंह जी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक जी और प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार जी ने स्वदेशी अभियान का स्टीकर, पोस्टर, पंपलेट, संकल्प पत्र आदि लॉन्च किया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ी है। देश का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़ा है। भारत 200 देशों को दवा निर्यात कर रहा है। सौर ऊर्जा में भारत विश्व के तीसरे स्थान पर है।
मेक इन इंडिया के तहत 667 अरब डॉलर का निवेश आया
बाबुलाल मरांडी ने कहा कि आज भारत में मेक इन इंडिया के तहत 667 अरब डॉलर का निवेश आया है। भारत में बिकने वाले 99.2% मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। 2025 तक भारत का मोबाइल निर्यात 1500 करोड़ से बढ़कर दो लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। खिलौने के निर्यात में 239% बढ़ गया। श्री बाबुलाल मरांडी जी ने कहा कि ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले स्थान पर, बस निर्माण में दूसरे और हैवी ट्रक निर्माण में तीसरे स्थान पर है। टेक्सटाइल क्षेत्र में छठा स्थान है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

