भाकपा(माले) प्रतिनिधिमंडल ने बेलगारिया कॉलोनी की समस्याओं को लेकर झरिया पुनर्वास प्राधिकरण से की मुलाकात…

भाकपा(माले) प्रतिनिधिमंडल ने बेलगारिया कॉलोनी की समस्याओं को लेकर झरिया पुनर्वास प्राधिकरण से की मुलाकात…

धनबाद(DHANBAD):बलियापुर प्रखंड अंतर्गत पलानी पंचायत स्थित बेलगारिया कॉलोनी में जलापूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, स्वच्छता, बिजली और सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) का एक प्रतिनिधिमंडल झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण, धनबाद के अधिकारियों से मिला।

प्रतिनिधिमंडल में भाकपा(माले) के प्रखंड सचिव गणेश चंद्र महतो, प्रखंड प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता, माले नेत्री सीमा देवी, और किसान नेता काशीनाथ मंडल शामिल थे।
प्रतिनिधियों ने कॉलोनी की गंभीर समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा और त्वरित समाधान की मांग की।

छठ पर्व और दीपावली को लेकर विशेष ध्यानाकर्षण

प्रतिनिधिमंडल ने आगामी छठ महापर्व और दीपावली को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी में सफाई, छठ घाट की मरम्मत, और सड़कों की सुधार कार्यों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू होंगे।

छठ तालाब का निरीक्षण

इस पहल के सकारात्मक असर के रूप में अगले ही दिन झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण के अधिकारी बेलगारिया के छठ तालाब का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी बबलू बाउरी समेत कॉलोनी के कई लोग उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

जनहित में एक सकारात्मक पहल

भाकपा(माले) की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने सकारात्मक और जनहितकारी कदम बताया है। प्रतिनिधिमंडल का यह प्रयास न केवल समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल है, बल्कि यह यह भी दर्शाता है कि जनप्रतिनिधि यदि इच्छाशक्ति दिखाएं तो सरकारी तंत्र को सक्रिय किया जा सकता है.

NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *