धनबाद(DHANBAD): एसएससी द्वारा आयोजित ऑनलाइन सीजीएल परीक्षा के दौरान धनबाद के एक सेंटर पर नकल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने परीक्षा केंद्र के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है. पूरे मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है. इससे पहले नकल करने वाले अभ्यर्थी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी अपने हाथों में माउस को पकड़े हुए था, और स्क्रीन पर खुद ब खुद आंसर आ रहे थे.
गौरतलब हो कि देशभर में 12 से 26 सितंबर तक चली कर्मचारी चयन आयोग द्वारा संयुक्त स्नातक स्तरीय सीजीएल ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी. धनबाद में यह परीक्षा आयोजित की गई थी. जहां 26 सितंबर को बरवाअड्डा के गोल्डन कैंप कुर्मीडीह में सीजीएल की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया था. 26 सितंबर की अंतिम पाली में परीक्षा दे रहे बिहार के पटना के रहने वाला आइके गुजराल को नकल करते हुए पकड़ा गया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इस मामले पुलिस लगातार अनुसंधान कर रही थी. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने केंद्र के संचालक मृत्युंजय कुमार को भी गिरफ्तार किया है. परीक्षा केंद्र संचालक ने फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
डीएसपी वन शंकर कामती ने बताया कि कुसुम विहार के रहने वाले केंद्र संचालक मृत्युजंय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. जिसमें उसने फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उसने बताया कि केंद्र के कंप्यूटर को हैक कर रिमोट कंट्रोल के माध्यम से परीक्षा दिलवाया जा रहा था. डीएसपी ने बताया कि तकनीकी जांच में पता चला है कि योजनाबद्ध तरीके से केंद्र के अंदर से परीक्षा का संचालन किया जा रहा है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य की तलाश की जा रही है.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
