धनबाद(DHANBAD): भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथिलेश कुमार राम का आज सुबह धनबाद के अशरफी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से भाजपा समेत पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पिछले तीन दशकों से मिथिलेश कुमार राम भाजपा की राजनीति में दलित समाज के प्रमुख चेहरे के रूप में पहचाने जाते थे। धनबाद जिला भाजपा के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती थी। अपने बेबाक बोल और स्पष्ट विचारों के कारण वे आम कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक में लोकप्रिय थे।
उन्होंने दलित समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया और समाज के हित में कई पहल कीं। उनके निधन से पार्टी ने एक जुझारू और कर्मठ नेता को खो दिया है। भाजपा नेताओं के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
परिजनों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज सुबह गोविंदपुर स्थित खुदिया घाट पर किया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

