माइंड मैटर्स” सेमिनार में मानसिक स्वास्थ्य पर हुई सारगर्भित चर्चा…

माइंड मैटर्स” सेमिनार में मानसिक स्वास्थ्य पर हुई सारगर्भित चर्चा…

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा सफल आयोजन

झरिया(JHARIA):श्री अग्रसेन जयंती पखवारा के अंतर्गत मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के सानिध्य में मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित सेमिनार “माइंड मैटर्स” का सफल आयोजन 4 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को श्री अग्रवाल धर्मशाला (पुराना भवन), झरिया में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. एस. के. भगानिया, मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, अग्रसेन जयंती महोत्सव के संयोजक दीपक अग्रवाल, तथा मुख्य वक्ता डॉ. शुभम नरनोली द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. शुभम नरनोली (न्यूरो-मानसिक रोग विशेषज्ञ एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, MBBS, DNB, MD – AIIMS, Delhi) ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत विचार रखे। उन्होंने कहा –

“मानसिक स्वास्थ्य केवल बीमारियों की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि सोचने, महसूस करने और प्रतिक्रिया देने की स्वस्थ क्षमता है। यदि मन अस्थिर है, तो कोई भी बाहरी सफलता सुख नहीं दे सकती।”

उन्होंने आगे कहा कि तनाव नियंत्रण, एकाग्रता बनाए रखना और सकारात्मक जीवनशैली अपनाना मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में पहला कदम है। साथ ही “आप संघर्ष कर रहे हैं, इसके संकेत” विषय पर उन्होंने अवसाद, चिंता और मानसिक असंतुलन के लक्षणों को पहचानने और समय रहते सहायता लेने के महत्व पर बल दिया।

उपस्थित विद्यार्थियों ने डॉ. शुभम नरनोली के समक्ष मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएँ रखीं। डॉ. नरनोली ने धैर्यपूर्वक प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देकर न केवल उनकी जिज्ञासा का समाधान किया, बल्कि विषय की गहराई को भी सहज भाषा में समझाया।

इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा – “आज के युग में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ मन ही स्वस्थ समाज की नींव है।”

कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष ललित अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष असीम अग्रवाल, CA श्याम सुंदर साह, मारवाड़ी विद्यालय के सचिव महेश जलुका, मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त सचिव प्रमोद जलुका, अनिल खर्किया, मारवाड़ी युवा मंच के सचिव दीपक अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक सन्नी अग्रवाल तथा दिनेश शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि “ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और मानसिक सशक्तिकरण का संदेश देते हैं।”

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *