बालिका सुरक्षा व आत्मनिर्भरता अभियान के तहत महिलाओं हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
झरिया(JHARIA): अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा एवं झरिया समृद्धि शाखा के संयुक्त तत्वावधान में कन्या भ्रूण संरक्षण एंव बालिका सुरक्षा व आत्मनिर्भरता अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन शुक्रवार, 26 सितम्बर 2025 को JSM DAV प्लस 2 School, भगा परिसर में किया गया। इस शिविर का आयोजन असर्फी हॉस्पिटल, धनबाद के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और स्कूल की छात्राओं ने भाग लेकर लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल एवं विद्यालय के प्राचार्य सौरव प्रियदर्शनी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में समृद्धि शाखा अध्यक्ष जया अग्रवाल, सचिव निशा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिल्पा झुनझुनवाला, सोनिया झुनझुनवाला एवं नूपुर अग्रवाल सहित मंच की सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, दिनेश शर्मा, कविता अग्रवाल, पूनम शर्मा ने भी इस पहल को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य जांच शिविर में असर्फी हॉस्पिटल से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ज़फर राशिद, विवेक त्रिवेदी, महेश सिंह, शेख रऊफ सहित नर्सिंग स्टाफ – सिस्टर किरण कुमारी, जुलिता कुमारी, सुप्रिया कुमारी की टीम ने महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिए।
मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि “झरिया शाखा एवं झरिया समृद्धि शाखा द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर किया गया यह प्रयास सराहनीय है। इस प्रकार की पहल समाज में जागरूकता फैलाने और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। मंच की दोनों शाखाएँ वास्तव में समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही हैं।”
कार्यक्रम संयोजक पूनम भुसानिया, अर्चना अग्रवाल एवं स्वाति अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर उपचार एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
शिविर में सौ से अधिक महिलाओं ने ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, स्त्री रोग संबंधी जांच एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराए। उपस्थित सभी अतिथियों और चिकित्सकों का मंच की ओर से आभार प्रकट किया गया।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

