
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने झरिया नगर की बिगड़ती स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त, धनबाद को एक निवेदन पत्र सौंपा है। मंच के स्वच्छोत्सव संयोजक दिनेश शर्मा ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि झरिया के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और विशेषकर मनबाद, आमला पड़ा वा बिहार बिल्डिंग समीप क्षेत्र की स्थिति अत्यंत गंभीर है। पिछले तीन महीनों से यहाँ नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा हो रही है। इससे न केवल राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
उन्होंने पत्र में कहा कि एक ओर जहाँ पूरे देश में सरकार “स्वच्छोत्सव” जैसे महत्त्वपूर्ण अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैला रही है, वहीं दूसरी ओर झरिया में व्याप्त गंदगी इस अभियान के उद्देश्यों को कमजोर करती प्रतीत होती है। नगर निगम की ओर से इस पर त्वरित कार्यवाही अपेक्षित है।
स्वच्छोत्सव संयोजक दिनेश शर्मा ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में शारदीय नवरात्र एवं दुर्गोत्सव का आयोजन होने वाला है। मनबाद दुर्गोत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष यहाँ भव्य दुर्गा पूजा आयोजित की जाती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। ऐसे अवसर पर स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण आवश्यक है ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने नगर आयुक्त से अनुरोध किया है कि दुर्गा पूजा प्रारंभ होने से पूर्व झरिया क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और नालियों की साफ-सफाई व मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाए। मंच ने आशा व्यक्त की है कि नगर निगम इस समस्या का शीघ्र समाधान करेगा, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी और स्वच्छोत्सव का उद्देश्य भी सार्थक होगा।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

