शारीदय नवरात्र: महालया आज, धरती पर उतरेंगी मां दुर्गा, कलश स्थापना कल…

शारीदय नवरात्र: महालया आज, धरती पर उतरेंगी मां दुर्गा, कलश स्थापना कल…

धनबाद(DHANBAD): दुर्गा पूजा का त्योहार यानी शारीदय नवरात्र रविवार को महालया के बाद शुरू हो जाएगा. सोमवार 22 सितम्बर को कलश स्थापित कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री का पूजन अनुष्ठान किया जाएगा. 2 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर मां की प्रतिमा के विसर्जन के साथ त्योहार का समापन होगा. नवरात्र का त्योहार मां दुर्गा के नौ रूपों को समर्पित है. नौ दिन तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की श्रद्धालु भक्ति भाव से पूजा आराधना करेंगे. इससे पहले रविवार की सुबह रेडियो पर महालया सुनने की होड़ रहेगी. गौरतलब है कि महालया को सर्वपितृ अमावस्या के नाम से जाना जाता है. इस तिथि को महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इस दिन मां दुर्गा कैलाश पर्वत से धरती पर आती हैं. देवी के इसी क्रम को महालया कहते हैं. वहीं इस दिन को बुराई पर अच्छाई के रूप में भी देखा जाता है. इसके अगले दिन शारदीय नवरात्र की शुरुआत होती है और कलश स्थापना की जाती है.

दुर्गा पूजा के उत्सव को ले उत्साहित हैं शहरवासी
मां दुर्गा की उपासना को लेकर धनबादवासि काफी उत्साहित हैं. शहर से लेकर गांव तक पूरे जोर-शोर से दुर्गा उत्सव की तैयारियां चल रही हैं. आज महालया मनाया और कल यानी सोमवार को ग्रह गोचरों के शुभ संयोग में घरों, दुर्गा मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक में कलश स्थापना होगी. कलश स्थापना के साथ नौ देवियों की पूजा शुरू की जायेगी. यह नवरात्र प्रतिपदा से शुरू होकर विजयादशमी 2 अक्तूबर को समाप्त होगा. कलश स्थापना को लेकर इन दिनों पूजन सामग्री, मां की पोशाक, चुनरी और कलश आदि की मांग बढ़ी है. भक्त कलश स्थापना के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं.

देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की होगी आराधना
शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र आश्विन शुक्ल प्रतिपदा में सोमवार 22 सितम्बर को आरंभ होगा. कलश स्थापना का शुभ समय सुबह 06.09 बजे से 08.06 बजे तक है. इसके अलावा, अगर कोई इस समय पूजा न कर सके, तो अभिजीत मुहूर्त में यानी 11.49 से 12.38 तक भी कलश की स्थापना की जा सकती है. नवरात्र के दौरान देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना होगी. शारदीय नवरात्र के पहले दिन माता शैलपुत्री की उपासना की जायेगी. सनातन धर्मावलंबी निराहार या फलाहार रहते हुए अपने घर, मंदिर व पूजा पंडालों में घट स्थापना के बाद दुर्गा सप्तशती, रामचरितमानस, सुंदरकांड, रामरक्षा स्त्रोत्र, दुर्गा सहस्त्र नाम, अर्गला, कवच, कील, सिद्ध कुंजिका स्त्रोत्र आदि का पाठ आरंभ करेंगे.

मां दुर्गा के नौ रूपों की जानें खासियत

  1. शैलपुत्री : दुर्गा के इस रूप से हमें स्वाभिमानी बनने की प्रेरणा मिलती है. 2. ब्रह्मचारिणी : मां का यह यह रूप तपस्या का प्रतीक है.
  2. चन्द्रघण्टा : संदेश मिलता है कि संसार में सदा प्रसन्न होकर जीवन यापन करना चाहिए.
  3. कूष्माण्डा : मां का यह स्वरूप हमें संसार में स्त्री का महत्व समझाता है.
  4. स्कंद माता : मां का यह रूप हमें बताता है कि स्त्री हो या पुरुष, हर कोई ज्ञान प्राप्त करने का अधिकारी है.
  5. कात्यायनी : यह रूप घर-परिवार में बेटी की महत्ता को बताता है.
  6. काल रात्रि : मां का यह रूप हमें स्त्री के भीतर विद्यमान अपार शक्ति का भान कराता है.
  7. महागौरी : मां का यह रूप हमें हर परिस्थिति में संयमित रहने की सीख देता है.
  8. सिद्धिदात्री : मां सिद्धिदात्री यानी हर सिद्धि को देने वाली हैं. स्त्रियों में भी यह गुण विद्यमान होता है.

पूजन सामग्रियों का सजा बाजार, खरीदारी भी शुरू
दुर्गा उत्सव को लेकर शहर के बाजार पूजन सामग्रियों से सज गये है. पूजा के लिए मिट्टी के कलश, नारियल, चुनरी, रोली, घी, धूप बत्ती, अगरबत्ती, हुमाद, सुपारी, जौ, कपूर सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री की लोग खरीदारी कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि महंगाई के कारण लोगों के घर का बजट भले ही गड़बड़ा रहा है, लेकिन देवी की आराधना करने में भक्त कोई कमी नहीं करते दिख रहे हैं. श्रद्धालुओं के बजट के अनुसार पूजन सामग्री मौजूद हैं. नौ दिन के व्रत में अन्न से परहेज किया जाता है, इसलिए बाजार में कुट्टू, सिंघाड़ा और साबूदाना अन्य सामग्रियों के भी स्टॉक दुकानदारों ने कर रखा है.

NEWSANP के लिए रागिनी पांडे की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *