चतरा(JHARKHAND): झारखंड पुलिस ने अपनी लगातार चल रही कार्रवाई के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी उत्तम यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। इस एनकाउंटर की पुष्टि हजारीबाग एसपी ने की है। यह घटना चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा-जबड़ा रोड पर हुई, जहाँ पुलिस और अपराधी के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई।
क्राइम पर नकेल
पुलिस को हजारीबाग एसटीएफ के जवानों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। सूचना के मुताबिक, उत्तम यादव बगरा-जबड़ा रोड से गुजरने वाला था। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची और अपराधी को घेरने की कोशिश की, तो उत्तम यादव ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपनी आत्मरक्षा में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो उत्तम यादव को लगी।
आतंक रहा उत्तम यादव
गंभीर रूप से घायल उत्तम यादव को तुरंत इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और आगे की जांच जारी है। मौके से उत्तम यादव की एक बाइक भी बरामद हुई है। उत्तम यादव पिछले एक साल से चतरा, हजारीबाग और आसपास के कई जिलों में आतंक का पर्याय बना हुआ था। वह लगातार कई गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था, जिसमें हत्या, लूट और रंगदारी जैसे मामले शामिल थे। इसके अलावा, वह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा था, जिससे पुलिस पर उसे पकड़ने का दबाव लगातार बढ़ रहा था। उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे.
लोगों नेली राहत की सांस
इस एनकाउंटर के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने इस कार्रवाई से अन्य आपराधिक गिरोहों को एक कड़ा संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। यह एनकाउंटर पुलिस के मनोबल को बढ़ाने वाला भी साबित हुआ है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ कोई और भी अपराधी था या नहीं।
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

