राँची(RANCHI): रांची के पुलिस महकमे में एक नया चेहरा आया है – एसएसपी राकेश रंजन। शुक्रवार को जब उन्होंने अपना चार्ज लिया तो उनके चेहरे पर जिम्मेदारी का अहसास साफ झलक रहा था। राकेश रंजन ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्राइम कंट्रोल, जनता की सुरक्षा और ट्रैफिक सुधार है। नये पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने कहा कि पूर्व एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में रांची पुलिस ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की है, उस कार्यशैली को न सिर्फ आगे बढ़ाएंगे, बल्कि उसे और मजबूती देंगे। उनका मानना है कि राजधानी की कानून-व्यवस्था को और सख्त और संवेदनशील दोनों बनाना होगा।
अपराधियों पर सख्त, जनता से मुलायम
नए एसएसपी राकेश रंजन ने साफ संकेत दिया कि अपराधियों पर शिकंजा कसना उनका पहला मिशन होगा। छोटे-मोटे अपराध से लेकर संगठित अपराध तक, हर स्तर पर पुलिस की पकड़ मजबूत करने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि थानेदारों को विशेष टास्क सौंपे जाएंगे ताकि अपराध को जड़ से खत्म किया जा सके। वहीं, दूसरी ओर जनता से उनका रिश्ता बिल्कुल अलग होगा। वे चाहते हैं कि आम लोग पुलिस से डरें नहीं, बल्कि भरोसा करें। उन्होंने कहा… मैं 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध हूं। मेरा फोन हमेशा ऑन रहेगा। कोई भी नागरिक कभी भी मुझसे सीधे संपर्क कर सकता है।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
रांची की सबसे बड़ी परेशानियों में से एक है ट्रैफिक जाम। नए एसएसपी ने इसे चुनौती मानते हुए कहा कि सड़कों पर बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट उनकी प्राथमिकताओं में है। उनका प्रयास होगा कि लोगों को जाम से राहत मिले और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चले।
जनता से की यह अपील…
राकेश रंजन की सोच साफ है… “पुलिस और जनता साथ मिलकर ही अपराध पर काबू पा सकते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पुलिसिंग में सहयोग करें और अपराध नियंत्रण की मुहिम का हिस्सा बनें।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

