अमित शाह का ऐलान : बिहार चुनाव में दो-तिहाई बहुमत लक्ष्य…

अमित शाह का ऐलान : बिहार चुनाव में दो-तिहाई बहुमत लक्ष्य…

पटना(PATNA) : पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डेहरी-ऑन-सोन में शाहाबाद और मगध प्रक्षेत्र के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने साफ कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मकसद सिर्फ सरकार बनाना नहीं, बल्कि दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करना है।

कार्यकर्ताओं से लिया संकल्प
अमित शाह ने सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं से संकल्प दिलाया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में मजबूत सरकार बनाने के लिए जुटें। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, उनकी जानकारी घर-घर तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।

घुसपैठियों पर कड़ा रुख
शाह ने भीड़ से सवाल किया कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए? क्या उन्हें राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? लोगों ने जोरदार आवाज में ‘नहीं’ कहा। शाह ने कहा – “ये लोग आएंगे तो घुसपैठ बढ़ेगा, लेकिन राजग आएगा तो बिहार बढ़ेगा।”

शाहाबाद की 80% सीटें जीतने का लक्ष्य
गृहमंत्री ने कहा कि इस बार शाहाबाद की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए को जीत दर्ज करनी है। उन्होंने अपील की कि कार्यकर्ता बिहार का भविष्य नरेन्द्र मोदी से जोड़ें। शाह ने जोर देकर कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को सबसे बड़ी ताकत दी जाती है। यहां एक बूथ अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

बिहार के विकास को NDA का वचन
अमित शाह ने कहा कि बिहार की तरक्की और खुशहाली एनडीए की प्राथमिकता है। यह चुनाव सिर्फ सत्ता हासिल करने का नहीं, बल्कि जनता के लिए दो तिहाई बहुमत वाली मजबूत सरकार बनाने का है।

मोदी की कार्यशैली का उदाहरण
सभा में शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी पिछले 24 सालों से बिना छुट्टी लिए लगातार देश और जनता के लिए काम कर रहे हैं। शाह ने तंज कसते हुए कहा – “कुछ नेताओं को छह महीने में विदेश न जाएं तो नींद नहीं आती। आप समझ रहे हैं ना मैं किसकी बात कर रहा हूं।”

मोदी का विजन, परिवार से ऊपर देश
शाह ने कहा कि मोदी जी ने हमेशा देश को पहले रखा, फिर पार्टी को, फिर कार्यकर्ताओं को। अपने परिवार या निजी स्वार्थ के लिए कभी कुछ नहीं किया। यही वजह है कि आज दुनिया उन्हें सबसे ईमानदार और समर्पित नेता मानती है।

बिहार को मिला 9.85 लाख करोड़ का फंड
अमित शाह ने गिनाया कि 2014 से 2024 तक मोदी सरकार ने बिहार को 9 लाख 85 हजार करोड़ रुपये दिए। नीतीश कुमार की सरकार ने 125 यूनिट फ्री बिजली दी, दिव्यांग पेंशन बढ़ाई, आशा वर्करों और अन्य कर्मियों को लाभ पहुंचाया। शाह ने कहा कि इतने काम लालू प्रसाद यादव जीवन भर भी नहीं कर सकते।

लालू यादव पर सीधा हमला
शाह ने लालू प्रसाद यादव पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि लालू ने चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम और जेल में भी भ्रष्टाचार किया। इतने आरोपों से घिरे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते। एक तरफ भ्रष्टाचार वाली सरकार है और दूसरी तरफ मोदी जी की सरकार है जिस पर एक भी दाग नहीं है।

सभा में कई बड़े नेता रहे मौजूद
सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री प्रेम कुमार, संतोष कुमार और विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के लिए प्रेरित किया।

NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *