हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की दो बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा जब्त, मानव तस्करी का प्रयास विफल…

हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की दो बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा जब्त, मानव तस्करी का प्रयास विफल…

रांची(RANCHI): हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पहली कार्रवाई में लगभग 30 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि दूसरी कार्रवाई में मानव तस्करी और बाल श्रम के प्रयास को नाकाम कर, एक नाबालिग को सुरक्षित बचाया गया है, साथ ही तस्कर को हिरासत में लिया गया है. दोनों ही अभियान को कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाया गया, जिससे रेलवे परिसर में सुरक्षा और सतर्कता की गंभीरता फिर सामने आई है.

30 किलो गांजा बरामद

आरपीएफ ने बताया कि आरपीएफ की टीम, हटिया पोस्ट की अधिकारी साधना कुमारी और फ्लाइंग टीम रांची के जवान रांची स्टेशन पर जांच में तैनात थे. शाम को जब मौर्या एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर पहुंची तो जांच के दौरान कोच संख्या B/1 में दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सोते हुए पाए गए. पूछताछ में उनकी पहचान अभिषेक सिंह और गोविंद कुमार के रूप में हुई और दोनों ही बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं.

बरामद गांजे कीमत की तीन लाख

संदेह के आधार पर जब दोनों व्यक्तियों की ट्रॉली बैग की जांच हुई, तो उसमें प्लास्टिक में लिपटे गांजे के पैकेट मिले. तलाशी में कुल 14 पैकेट बरामद हुए हैं, जिनका वजन 30 किलो था. डीडी किट से जांच में इसकी पुष्टि गांजा के रूप में हुई है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है. पूछताछ में दोनों युवकों ने स्वीकार किया है कि वे, गांजा ओडिशा के राउरकेला से लाए थे और रांची बस स्टैंड के पास किसी व्यक्ति को देने जा रहे थे. आरपीएफ ने गांजा समेत अन्य सामान जब्त कर, दोनों आरोपियों को जीआरपी हटिया को सौंप दिया है.

मानव तस्करी का प्रयास नाकाम

इधर, हटिया स्टेशन पर आरपीएफ की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रांची की डीएमएफटी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. जांच के दौरान एक नाबालिग लड़का और एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर, लड़के को बहला फुसलाकर, बेंगलुरु ले जाकर मजदूरी कराने की फिराक में था.

आरपीएफ की सक्रियता

आरपीएफ की इन दोनों कार्रवाई से यह साफ है कि रेलवे सुरक्षा बल, लगातार अवैध गतिविधियों और अपराध पर नजर रखे हैं. गांजे की तस्करी और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों को रोकना न केवल कानून व्यवस्था बल्कि समाज के लिए भी बड़ी राहत की बात है.

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *