धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति आज धनबाद पहुंची और परिसदन सभागार में जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने की। इस दौरान समिति की सदस्य एवं रामगढ़ विधायक ममता देवी भी मौजूद रहीं।
बैठक में वर्ष 2000 से 2025 तक विधानसभा में दिए गए सरकारी आश्वासनों की समीक्षा की गई, जिसमें यह सामने आया कि धनबाद जिले में 200 से अधिक आश्वासन अब भी लंबित हैं।
समिति ने बताया कि वर्ष 2010 से 2025 के बीच के आंकड़ों में 150 से अधिक ऐसे आश्वासन हैं, जिन्हें अब तक पूर्ण नहीं किया गया है। हालांकि कुछ योजनाएं ऐसी भी हैं, जो पूर्ण हो चुकी हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर पत्राचार या निष्पादन की औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई हैं, जिसके कारण वे आश्वासन अभी भी “लंबित” की श्रेणी में हैं।
समिति के सभापति अरूप चटर्जी ने जानकारी दी कि बैठक में पूर्व विधायकों — कुंती सिंह, पूर्णिमा सिंह और ढुल्लु महतो — द्वारा पूर्व में उठाए गए मामलों की भी समीक्षा की गई। जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके निष्पादन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने और अधूरी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, पथ निर्माण, पेयजल एवं स्वच्छता सहित कई विभागों से संबंधित मामलों की प्रगति पर चर्चा की गई।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति 8 सितंबर से छह जिलों के दौरे पर है। अब तक चार जिलों में समीक्षा बैठकें हो चुकी हैं। धनबाद के बाद समिति का अगला पड़ाव गिरिडीह और फिर देवघर होगा, जहां संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा के साथ-साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

