बीड़ी-बिहार वाले कांग्रेस के पोस्ट से उठा सियासी तूफान, किसने क्या कहा…

बीड़ी-बिहार वाले कांग्रेस के पोस्ट से उठा सियासी तूफान, किसने क्या कहा…

पटना /न्यू दिल्ली(PATNA/NEW DELHI): GST सुधारों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। बीड़ी पर जीएसटी घटाने के केंद्र सरकार के फैसले पर हमला करने के चक्कर में कांग्रेस खुद विवादों में फंस गई। केरल कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर किया गया एक पोस्ट अब पूरे बिहार की राजनीति में तूफान खड़ा कर रहा है।

विवादित पोस्ट और बवाल की शुरुआत
केरल कांग्रेस ने एक ग्राफिक साझा किया, जिसमें तंबाकू उत्पादों पर बढ़े टैक्स और बीड़ी पर घटे टैक्स का ज़िक्र था। उसी पोस्ट में लिखा गया— “बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।”
यही पंक्ति बवाल की जड़ बन गई। बीजेपी ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बताया और कांग्रेस पर तीखे हमले शुरू कर दिए।

बीजेपी का हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा… “कांग्रेस का यही चरित्र है। बिहारी का अपमान करना और उन्हें छोटा दिखाना ही कांग्रेस का काम है। अब तो साफ हो गया कि बी से बीड़ी और बी से बिहारी बताना कांग्रेस की मानसिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता congress को कभी माफ नहीं करेगी।

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा— “बिहार की भूमि भगवान बुद्ध, महावीर और गुरु गोविंद सिंह की पावन भूमि है। ऐसे प्रदेश का अपमान करना, मां भारती की संतान होने के लायक नहीं है।”

जदयू का पलटवार
जदयू सांसद संजय झा ने सोशल मीडिया पर लिखा— “बी से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस के पास नहीं है। इसी बिहार की भूमि से गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाने का आंदोलन हुआ और संपूर्ण क्रांति का बिगुल फूंका गया। कांग्रेस बिहारियों का अपमान कर रही है और जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।”

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तो तेजस्वी यादव को सीधे घेरते हुए पूछा— “क्या बिहार बीड़ी का पर्याय है? नेता प्रतिपक्ष को जवाब देना होगा।”

कांग्रेस ने दी सफाई, कहा- हैक हो गया था अकाउंट
विवाद बढ़ने पर कांग्रेस ने एक्स (ट्विटर) पर माफी मांगी। बयान में कहा गया… “हम देख रहे हैं कि जीएसटी दरों पर मोदी सरकार के चुनावी हथकंडे पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अगर किसी को ठेस पहुंची हो तो हमें खेद है।”

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने इसे “सोशल मीडिया अकाउंट हैक” की साज़िश बताया। वहीं राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा… “किसी भी राज्य की तुलना इस तरह नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा हुआ है, तो ट्वीट वापस लेना चाहिए।”

तेजस्वी यादव बोले- …हम इसका समर्थन नहीं करते
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा… “ये जो भी है गलत ट्वीट था हम इसका समर्थन नहीं करते हैं। अगर किसी ने आपत्तिजनक बात कही है तो माफी मांगनी ही चाहिए।”

वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा… “केरल कांग्रेस का ट्वीट डिलीट हो चुका है। लेकिन भाजपा असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इसे हवा दे रही है।”

विवाद का असर
हालांकि पोस्ट डिलीट हो चुका है और कांग्रेस माफी भी मांग चुकी है, मगर भाजपा और जदयू ने इसे चुनावी मुद्दा बनाने का मन बना लिया है। बिहार की ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत को लेकर अब सभी दल सोशल मीडिया और बयानबाज़ी में एक-दूसरे को घेर रहे हैं।

NEWSANP के लिए पटना /न्यू दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *