बाघमारा : क्षेत्र की कांटापहाड़ी में बड़ा हादसा, बीसीसीएल की सर्विस वैन 400 फीट गहरी खाई में गिरी, छह मजदूरों की दर्दनाक मौत.. सांसद ढुल्लू महतो ने घटना का लिया जायज़ा..DGMS की टीम भी मौके पर पहुंची…

बाघमारा : क्षेत्र की कांटापहाड़ी में बड़ा हादसा, बीसीसीएल की सर्विस वैन 400 फीट गहरी खाई में गिरी, छह मजदूरों की दर्दनाक मौत.. सांसद ढुल्लू महतो ने घटना का लिया जायज़ा..DGMS की टीम भी मौके पर पहुंची…

धनबाद(DHANBAD): कतरास : क्षेत्र स्थित रामकनाली कांटापहाड़ी पर बीसीसीएल की अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग साइट पर शुक्रवार को भयंकर हादसा हुआ। अचानक हुई लैंडस्लाइड के चलते बीसीसीएल की सर्विस वैन लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें छह मजदूरों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के सांसद श्री ढूलू महतो तत्काल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद महतो ने इस दुर्घटना को बीसीसीएल अधिकारियों की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया और कहा कि खनन स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है।

उन्होंने स्पष्ट कहा, “यह एक बेहद गंभीर मामला है। जहां भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएंगे और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।”

यह हादसा न केवल मृतकों के परिवारों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा सदमा है, और इसकी न्यायसंगत जांच व जवाबदेही की मांग उठ रही है।

राहत और बचाव कार्य जारी

वहीं, दूसरी तरफ कतरास थाना, रामकनाली ओपी, अंगारपथरा ओपी कि पुलिस और सीआईएसएफ के जवान भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। लापता मजदूरों को खोजने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी।

एसडीएम राजेश कुमार, सीओ गिरजानांद किस्कू, जीएम राजकुमार अग्रवाल, डीजीएमएस के डायरेक्टर बाल कृष्णन, जीएम सेफ्टी संजय सिंह, सुधाकर प्रसाद, अरुण कुमार, कार्मिक प्रबंधन प्रशासन सुरेंद्र भूषण, एरिया पांच के चिकित्सा पदाधिकारी डा जेपी राय, कोलियरी मैनेजर जयंत कुमार इत्यादि मौके पर मौजूद है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह कि रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *