दामोदर नदी में बहने के पांच दिन बाद मिली संध्या की लाश, परिवार में मातम…

दामोदर नदी में बहने के पांच दिन बाद मिली संध्या की लाश, परिवार में मातम…

झरिया(DHANBAD):दामोदर नदी एक बार फिर एक मासूम की जान निगल गई। बीते गुरुवार को तेज बहाव में बहने के पांच दिन बाद, 12 वर्षीय संध्या कुमारी का शव सोमवार को टारसरा घाट के समीप झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। शव की हालत बेहद खराब थी और वह पूरी तरह सड़-गल चुका था।

संध्या सुदामडीह थाना क्षेत्र के भौरा बाई क्वार्टर स्थित ओंबेडकर कॉलोनी की निवासी थी। घटना के दिन वह अपनी अन्य पांच सहेलियों के साथ दामोदर नदी में नहाने गई थी। अचानक नदी में तेज बहाव आने से छह लड़कियां बह गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चार लड़कियों को बचा लिया, लेकिन संध्या और एक अन्य लड़की लापता हो गईं।

लापता लड़कियों की खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम भी लगाई गई, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली। आखिरकार पांचवें दिन संध्या का शव बाल बंकर के पास झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। सूचना मिलते ही गोशाला ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया गया।

शव की पहचान संध्या के भाई रोहित कुमार ने की। पुलिस का कहना है कि शव पांच दिन तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था।

इस घटना के बाद संध्या के परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *