धनबाद(DHANBAD):बीसीसीएल (BCCL) के सीएमडी समीरन दत्ता व निदेशक वित्त (DF) आरके सहाय को सेवानिवृत्ति से पूर्व कोयला मंत्रालय ने चार्जशीट थमाया है। दोनों अधिकारी 31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं।
बताया गया है कि चार्जशीट के साथ उनके ग्रेच्युटी भुगतान पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। कोयला मंत्रालय ने पिछले दिनों आउटसोर्सिंग के दो अलग- अलग मामलों में सर्वाधिक डेविएशन को मंजूरी देने को लेकर सीएमडी व निदेशक मंडल समेत आधा दर्जन से अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी किया था।
सतर्कता विभाग को बीसीसीएल के कुजामा पैच-जी एवं भौंरा फोर-ए पैच के एचइएमएम कार्य में नियमों की अनदेखी, अनुबंध मूल्य से अधिक डेविएशन सहित अन्य अनियमितताएं मिली थीं।
एनआइटी और टेंडर दस्तावेजों में यह प्रावधान था कि अनुबंध मूल्य में अधिकतम 30 प्रतिशत तक ही विचलन (डेविएशन) की अनुमति दी जाएगी, लेकिन जांच में पता चला कि यह सीमा पार कर ली गई थी। बहरहाल सीएमडी और निदेशक वित्त के ग्रेच्युटी भुगतान में रोक लगा दिए जाने से इसमें देरी होगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

