झारखंड(JHARKHAND): झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शनिवार को मेदिनीनगर सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण किया। जेल परिसर पहुंचने पर कारा आरक्षियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके बाद जेल आईजी ने अधिकारियों के साथ बैठक की और बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में जेल आईजी ने बताया कि इस जेल में कई कुख्यात अपराधी बंद हैं। ऐसे में गुटबाजी और आपसी विवाद न हो, इसके लिए जेल अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने पर जोर दिया जा रहा है।
जेल आईजी ने बताया कि मॉडर्न जेल मैनुअल के अनुसार मेदिनीनगर सेंट्रल जेल के लिए 50 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इस दिशा में जेल परिसर का विस्तार करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जेल के पीछे वाले हिस्से में अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। सुदर्शन मंडल ने निरीक्षण के दौरान जेल की सफाई व्यवस्था और कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैदियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

