
झरिया(JHARIA) : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निर्देशानुसार कन्या भ्रूण संरक्षण कार्यक्रम के तहत झरिया शाखा द्वारा 30 अगस्त को एक भव्य जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों, मंदिरों एवं सामाजिक स्थलों पर पोस्टर लगाए गए।
अभियान का शुभारंभ यशोमती विद्या निकेतन में पोस्टर लोकार्पण से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के संयुक्त सचिव विनोद शर्मा, मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल, विद्यालय के शिक्षकगण तथा मंच के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
श्री विनोद शर्मा ने कहा – “कन्या भ्रूण हत्या समाज के लिए अभिशाप है। यदि हम बेटियों को जन्म लेने का अधिकार नहीं देंगे, तो आने वाली पीढ़ियों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। समाज को बेटियों को बोझ नहीं, वरदान समझना होगा। बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सच्ची नींव है।”
डॉ. मनीष शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा – “बेटी केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की धरोहर है। आज समय की माँग है कि हर व्यक्ति इस कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाए और जागरूकता फैलाने में योगदान दे। हम सब मिलकर ही ‘बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचा सकते हैं।”

इसके बाद महिला इंटर कॉलेज, झरिया में पोस्टर लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश देवरेलिया, कॉलेज अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, गणेश अग्रवाल, राजीव संवंतीया, अमित अग्रवाल, समृद्धि शाखा अध्यक्षा जया अग्रवाल,गोविंद शर्मा, श्याम मंदिर अध्यक्ष रघुबीर गोयल, ललित अग्रवाल, बिनोद मोदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इसके उपरांत शहर के विभिन्न विद्यालयों, मंदिरों और सामाजिक स्थलों पर पोस्टर लगाए गए।
इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा ने 7 जुलाई 2025 को प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री मालविका शर्मा को अभियान का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। वे मुंबई से विशेष रूप से झरिया पहुँचीं और इस अभियान से स्वयं को जोड़ते हुए समाज को प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल ने कहा – “कन्या भ्रूण हत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ सबसे बड़ी त्रासदी है। बेटी जीवन देती है, संस्कार देती है और समाज का भविष्य संवारती है। यदि हम बेटियों को बचाएँगे और पढ़ाएँगे, तभी देश सही मायनों में प्रगति कर सकेगा।”
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

