नेपाल के रास्ते बिहार घुसे पाकिस्तान के तीन आतंकी! पुलिस अलर्ट…

नेपाल के रास्ते बिहार घुसे पाकिस्तान के तीन आतंकी! पुलिस अलर्ट…

पटना(PATNA): कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के बीच बिहार में सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के अनुसार पाकिस्तान से जुड़े तीन आतंकवादी नेपाल के रास्ते बिहार में घुस आए हैं। इस इनपुट के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं आतंकी
पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक ये तीनों आतंकी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
तीनों की पहचान इस प्रकार की गई है :

हसनैन अली, निवासी रावलपिंडी (पाकिस्तान)
आदिल हुसैन, निवासी उमरकोट (पाकिस्तान)
मोहम्मद उस्मान, निवासी बहावलपुर (पाकिस्तान)
बिहार
नेपाल के रास्ते हुई घुसपैठ
सूत्रों के मुताबिक ये तीनों आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे थे, और वहीं से पिछले सप्ताह बिहार में घुसे हैं। पुलिस मुख्यालय ने इनके पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी सीमावर्ती जिलों के साथ साझा की है।

बॉर्डर पर चौकसी बढ़ी
बिहार की नेपाल से सटी सीमा लंबी और संवेदनशील मानी जाती है। आतंकियों की संभावित गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। SSB जवानों को अलर्ट पर रखा गया है। विशेष निगरानी सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज और सुपौल जिलों में की जा रही है।

सार्वजनिक स्थानों पर सख्ती
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, धर्मशाला और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। रेलवे और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियां स्थानीय स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर नजर बनाए हुए हैं।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घुसपैठ
यह पहली बार नहीं है जब बिहार-नेपाल बॉर्डर के जरिए आतंकी घुसपैठ की खबर आई हो। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस इलाके से आवाजाही आसान होने और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण यह आतंकियों के लिए सुरक्षित रूट बनता जा रहा है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *