हजारीबाग (HAZARIBAGH) जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पिछले 24 घंटे चले अभियान में बाईपास स्थित 6 होटल और रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई की। जिस्मफरोशी की शिकायतों के बाद की गई इस छापेमारी में 30 कपल्स सहित होटल संचालक और स्टाफ को हिरासत में लिया गया। छापेमारी के बाद सभी होटल और रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया।
बुधवार को हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कई दिनों से बाईपास के होटलों में सेक्स रैकेट चलने की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों की पुष्टि के बाद मंगलवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ अमित आनंद कर रहे थे। छापेमारी में कुल 30 कपल्स और होटल संचालक-स्टाफ को हिरासत में लिया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के बाद सभी कपल्स को उनके परिवार वालों को बुलाकर समझाइश दी गई और छोड़ दिया गया।
17 लोगों को लिया कस्टडी में …
हालांकि, 17 लोग, जिनमें होटल के संचालक और स्टाफ शामिल हैं, की भूमिका सेक्स रैकेट संचालन में पाई गई। उन्हें बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। आज जिन लोगों को कस्टडी में लिया गया है, उनमें अजय कुमार, धीरज कुमार, शिशु कुमार, नवीन कुमार, विशाल कुमार, रंजीत कुमार, अजय कुमार, अंशु कुमार, युवराज कुमार मेहता, अजित कुमार गुप्ता, शुभम कुमार, बबलू कुमार, जयंत मांझी, रामदेव कुमार महतो, दिलीप कुमार, शुभम कुमार, संजय कुमार शामिल हैं। साथ ही 16 रजिस्टर, एक लैपटॉप, 19 मोबाइल, पांच डीबीआर, 41 हजार पांच सौ रुपया ,डायरी, एक स्विफ्ट डिजायर कार, 43 पीस कंडोम बरामद किया गया।
हजारीबाग को शिक्षा हब बताकर SP ने दिया कड़ा संदेश…
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि – “हजारीबाग शिक्षा का हब है। यहां इस तरह के गंदे काम को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट या अन्य जगह से इस तरह की शिकायतें मिलती हैं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी..
NEWS ANP के लिए हजारीबाग से ब्यूरो रिपोर्ट

