सिंदरी/धनबाद, 20 अगस्त, बुधवार: युवा सदन ने पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीव सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे जनहित के मुद्दों पर कार्य करने के उद्देश्य से नई समिति का गठन किया गया है। इस समिति का नाम “पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन और वन्य जीव संरक्षण केंद्र” रखा गया है। इस समिति का मुख्य कार्य समाज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों पर विचार करना तथा वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाना होगा। इस नवनिर्मित समिति में सिंदरी- धनबाद के निवासी समाजसेवी आशीष कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आशीष कुमार सिंह, जिन्हें आशीष सिंह सूर्यवंशी के नाम से भी जाना जाता है। आशीष पहले से ही युवा सदन के केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका यह दायित्व पूर्ववत जारी रहेगा, साथ ही उन्हें यह अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है जिसके अंतर्गत वे पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी कार्यों का नेतृत्व करेंगे।
आशीष सिंह सूर्यवंशी के नेतृत्व में विभिन्न जिलों से चार सदस्यों को भी इस समिति में शामिल किया गया है। इनमें कोडरमा से मोहम्मद शाहनवाज़, देवघर से पशुराम कुमार, रामगढ़ से सोनाली सिंह तथा गढ़वा से ऋतेश कुमार को सदस्य बनाया गया है। ये सभी सदस्य मिलकर आशीष सिंह सूर्यवंशी के साथ जनहित और पर्यावरण हित से जुड़े विषयों पर कार्य करेंगे। इन सभी सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष के लिए निर्धारित किया गया है अथवा अगली सूचना तक वे अपने पद पर बने रहेंगे।
युवा सदन के अध्यक्ष आकाश पांडे ने कहा कि आशीष सिंह सूर्यवंशी का जनहित कार्यों के प्रति समर्पण और निष्ठा सराहनीय है। संगठन ने उनकी सक्रियता और ईमानदार छवि को देखते हुए यह अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आशीष सिंह सूर्यवंशी के नेतृत्व में समिति जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाएगी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सार्थक परिणाम लेकर आएगी।
गौरतलब है कि युवा सदन एक नीति एवं शोध पर आधारित संगठन है जो समय-समय पर समाज, शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरण जैसे विषयों पर कार्य करता आया है।
NEWS ANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट…

